अमरोहा : बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो कांवडिय़ों की मौत
अमरोहा ,
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में सोमवार को तडक़े यूपी रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो कांवडिय़ों की मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने रोडवेज बसों पर अपना गुस्सा उतारा। जिला प्रशासन के तत्काल सक्रिय होने के कारण फलहाल स्थिति सामान्य है। सडक़ दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए सडक़ हादसे में दो कांवरियों की मृत्यु को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
जिले के पुलिस प्रवक्ता ने बताया है कि गढग़ंगा ब्रजघाट से बाइक पर सवार गंगाजल लेकर लौट रहे मिलक कल्याणपुर थाना कटघर मुरादाबाद निवासी गौरव (20) तथा राहुल (25) की बाइक जैसे ही डिडौली कोतवाली इलाके में नीलीखेड़ी गांव के सामने ओवरब्रिज से उतरने लगी, विपरीत दिशा से आ रही कौशांबी डिपो की बस की चपेट में बाइक आ जाने से दोनों कावडिय़ों की मौके पर मौत हो गई।
इस घटना की खबर मिलते ही पीछे से आ रहे अन्य कांवडिय़ों का गुस्सा भडक़ गया। गुस्साये कांवडिय़ों ने यूपी रोडवेज की बसों को निशाना बना लिया। आनन-फानन मे हसनपुर, रजबपुर, अमरोहा देहात, नौगांवा सादात थानों से पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंच कर स्थित को संभाला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाइक अचानक सडक़ पर गलत दिशा में आ गयी थी, जिससे मुरादाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस से बाइक टकरा गई और यह हादसा हो गया। क्षतिग्रस्त बसों को कब्जे में ले लिया गया है।
