छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी

विकासनगर।

थाना पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज कोटी कालोनी में संगोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस कर्मियों और शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को नशे से समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। थानाध्यक्ष अशोक राठौर ने छात्रों को बताया कि नशा हमेशा समाज के पतन का कारण बनता है। नशे की लत इंसान के साथ ही समाज को भी खोखला कर देती है। नशे का आदी व्यक्ति आपराधिक कृत्य भी करने लगता है, जिससे समाज में कई विकृतियां पैदा हो जाती हैं। उन्होंने छात्रों को बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का सबसे अच्छा उपाय खुद को पढ़ाई और शारीरिक खेल कूद में व्यस्त रखना है। कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खुद नशे दूर रहने की अपील की। कहा कि छात्रों को अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना चाहिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक क्षेत्र में नशे का सेवन करने वाले बीस लोगों को चिह्नीत कर उनकी काउंसलिंग कराई गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आरके सिंह ने छात्रों को बताया कि युवा नशे की गिरफ्त में आने से अपना भविष्य बर्बाद करने के साथ ही परिवार और समाज के लिए पेशानी का सबब बन जाते हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति से काम लेना चाहिए। नशे का सेवन करने वाले लोगों को इसके दुष्परिणाम की जानकारी देकर उन्हें नशे के भंवर से बाहर निकालने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *