तिरंगे के रंग में सजा हनोल महासू मंदिर
विकासनगर
आजादी के अमृत महोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सरकारी भवनों के साथ ही धार्मिक स्थलों को भी आकर्षक तौर पर सजाया जा रहा है। पांचवें धाम के तौर पर प्रचारित हनोल स्थित महासू मंदिर को पुरातत्व विभाग ने लेजर लाइटों से तिरंगे के रंग में आकर्षक तौर पर सजाया है। इससे मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही है। हनोल स्थित महासू मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु देव दर्शनों के लिए आते हैं। इन दिनों जब पूरे देश पर आजादी के अमृत महोत्सव का खुमार छाया हुआ है। ऐसे में देव स्थलों को भी आजादी के रंग में रंगा जा रहा है। हनोल मंदिर में पुरातत्व विभाग ने लेजर लाइट से तीन भागों में तिरंगे के रंग में सजाया है। जिससे रात में मंदिर बेहद ही आकर्षक लग रहा है। लेजर लाइटों से सजा मंदिर इन दिनों सोशल मीडिया में छाया हुआ है। मंदिर की दिव्यता से परिचित लोगों को लेजर लाइट में इसकी भव्यता भी आकर्षित कर रही है।