छात्र-छात्राओं ने ढालीपुर में चलाया स्वच्छता अभियान
विकासनगर
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर और आवासीय बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ ही लोगों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने की सलाह दी। कार्यक्रम अधिकारी संजय परमार ने ग्रामीणों को बताया कि अंग्रेजों की गुलामी से 75 साल पहले आजादी मिल चुकी थी, लेकिन प्रदूषण की गुलामी से आजादी मिलनी भी जरूरी है। कहा कि प्रदूषण की गुलामी पूरे विश्व के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गई है। प्रदूषण की बेड़ियां दिन प्रतिदिन धरती पर जीवन को अपनी गिरफ्त में ले रही हैं। इसकी गुलामी से मुक्ति के लिए सभी लोगों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदूषण बढ़ने की यही दर रही तो आने वाली पीढ़ी का जीवन कष्टमय होगा। इसके लिए अपने आसपास हर दिन स्वच्छता रखने के साथ ही प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, डीजल, पेट्रोल का उपयोग कम किया जाना चाहिए। कहा अपने आसपास के वातावरण को प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प लेना ही स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान प्रधानाचार्य वेद प्रकाश शर्मा, राहुल थापा, मयंक, ऋतिक, ललित, निशांत, अर्पित, मुस्तकीम, सादिक, नाजिया, हरिविलास, नाजिया, शकीरा आदि मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देशभर के लोगों में उत्साह का माहौल है। विकासनगर एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि तमाम सरकारी, गैर सरकारी विभाग, संगठन, संस्थान, स्कूल, कॉलेज व्यक्ति विशेष हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को तिरंगा का सम्मान करने की सलाह भी दी।
