पार्किंग शुल्क पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी

विकासनगर

छावनी परिषद चकराता द्वारा छावनी परिषद पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों से प्रतिमाह पांच सौ रुपये शुल्क लिए जाने पर व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर की है। बुधवार को व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने इस संबंध में कैंट बोर्ड के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों ने कहा कि कई वर्षों से स्थानीय लोग अपनी गाड़ियां छावनी परिषद की पार्किंग पर खड़ी कर रहे हैं, जिसका उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाता था। लेकिन बीती पांच अगस्त को छावनी परिषद द्वारा एक नोटिस जारी जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि निजी वाहनों की पार्किंग की एवज में प्रतिमाह पांच सौ रुपये शुल्क वसूल किया जाएगा। जबकि छावनी परिषद चकराता द्वारा संचालित पार्किंग में अच्छी व्यवस्था भी नहीं है। खुले में बनी इस पार्किंग में कई बार बंदर वाहनों को नुकसान कर पहुंचाते हैं। सुविधाएं विकसित किए बिना ही पांच सौ रुपये पार्किंग शुल्क वसूला जाना वैध नहीं है। कहा कि स्थानीय नागरिक छावनी परिषद को अन्य सभी शुल्क समय पर अदा करते हैं। लिहाजा पार्किंग शुल्क वसूले जाने का कोई औचित्य नहीं है। व्यापार मंडल के सदस्यों ने कहा कि छावनी परिषद चकराता को इस प्रकार का फैसला वापस लेना चाहिए। व्यापारियों ने छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी को भी ज्ञापन देकर पार्किंग शुल्क वसूले जाने का फैसला वापस लेने मांग की है। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष केसर सिंह चौहान, अमित अरोड़ा, विवेक अग्रवाल, मोनित दुसेजा, अशोक कुमार गोयल, पंकज जैन, विक्रम सिंह, नैन सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *