कांग्रेस ने निकाली भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा
ऋषिकेश
कांग्रेसियों ने बुधवार को डोईवाला क्षेत्र में भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकाली। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार जाति और धर्म के नाम पर देश को बांटना चाहती है। कांग्रेस भारत जोड़ो तिरंगा पदयात्रा के जरिए देश की एकजुटता का संदेश दे रही है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता रानीपोखरी के नंबरदार फार्म में एकत्रित हुए। यहां से पदयात्रा शुरू की गई। पदयात्रा दून मार्ग से होते हुए डोईवाला चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेस इस यात्रा के जरिए देश को एकजुटता का संदेश दे रही है। जबकि भाजपा सरकार देश को तोड़ने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा लोगों को जाति और धर्म के नाम पर लड़वाना चाहती है। यह पदयात्रा मंहगाई, भ्रष्टाचार, जीएसटी सहित देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने के विरोध में निकाली जा रही है। पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी गौरव सिंह ने कहा कि देश में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। सत्ताधारी दल इन संस्थाओं का दुरुपयोग विपक्षी दलों का दमन करने के लिए हथियार के तौर पर कर रहा है। उन्होंने सभी कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों से एकजुट रहकर ऐसी ताकतों का विरोध करने की अपील की। तिरंगा यात्रा में पहुंचे ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने भी संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में रमेश सोलंकी, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, बुध देव सेमवाल, अशोक, रणजीत सिंह, रोहित पांडे, योगेंद्र बिष्ट, सागर मनवाल, पूर्णानंद तिवारी, रेखा बहुगुणा, मालती चौहान, मोहित नेगी, सागर बिष्ट, तेजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।