उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र नवाजे
विकासनगर
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सरकारी शिक्षण संस्थानों में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को खंड शिक्षाधिकारी ने विद्यालयों में जाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही मदरसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के प्राथमिक छात्रा वर्ग की कला प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुलाकीवाला की रूमेशा ने प्रथम और छात्र वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांडा जीवनगढ़ के छात्र नवीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों ही प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ था, जहां उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गुरुवार को बीईओ वीपी सिंह ने दोनों विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने मदरसा तहफीजुल कुलआन जूनियर हाईस्कूल बुलाकीवाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। कक्षाओं में छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें सामान्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। बीईओ ने कहा कि मदरसों में बच्चों को सभी विषयों की शिक्षा दी जानी जरूरी है। उन्होंने बच्चों के लिए कंप्यूटर लैब की व्यवस्था करने के निर्देश मदरसा संचालकों को दिए। साथ ही सरकार की ओर मदरसों और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान प्रभारी बीआरसी सत्येंद्र रावत, प्रधानाध्यापक मौ. मुशर्रफ, प्रबंधक अब्दुर्रहमान आदि मौजूद रहे।
