राज्य आंदोलनकारियों ने दी  स्व. इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि

ऋषिकेश

पहाड़ के गांधी कहे जाने वाले उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता स्व. इंद्रमणि बडोनी को राज्य आंदोलनकारियों ने श्रद्वांजलि अर्पित की। गुरुवार को नगर निगम स्थित इंद्रमणि बडोनी सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मेयर अनिता ममगाईं और आंदोलनकारी संगठन से जुड़े लोगों ने स्व. बडोनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मेयर ने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी ने उत्तराखण्ड आंदोलन को कुशल नेतृत्व प्रदान कर राज्य निर्माण के लिये मजबूत आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिये उनकी संकल्पनाओं एवं राज्य निर्माण के संघर्ष में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। स्व. बडोनी के संघर्षों एवं उनके मार्गदर्शन में मातृशक्ति से सक्रिय सहयोग से राज्य आंदोलन की मांग पूरे देश में उठी। इन्ही की बदौलत हमें पृथक उत्तराखंड राज्य मिल पाया। वह अहिंसक आंदोलन के प्रबल समर्थक थे। मेयर ने कहा कि राज्य की महिलाओं ने उनके अहिंसक आंदोलन को संबल प्रदान करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। आंदोलन को नेतृत्व देने की अपनी विशिष्ट शैली के कारण इंद्रमणि बडोनी पृथक राज्य के आंदोलन के पुरोधा बनकर एक क्रांतिकारी नेता के रूप में भारतीय राजनीति में छाए रहे। उनके सिद्वातों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *