स्थानीय टैक्सी चालकों के हितों की ना हो अनदेखी : डा. निशंक

ऋषिकेश

जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक एवं मालिक समिति देहरादून ने हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात कर ऑनलाइन टैक्सी सर्विस संचालन का विरोध जताया। इस दौरान सांसद ने कहा कि स्थानीय टैक्सी चालकों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। गुरुवार को समिति के हवाई अड्डा देहरादून के सलाहकार रविंद्र बेलवाल और पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टैक्सी सर्विस से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। हरिद्वार सांसद निशंक ने परिवहन आयुक्त अरविंद सिंह हयांकी से वार्ता कर कहा कि हवाई अड्डा टिहरी बांध विस्थापितों एवं एयरपोर्ट विस्थापितों की भूमि पर बना है। इन लोगों ने विस्थापन का दंश झेला है। आसपास के लोग भी एयरपोर्ट के कारण कई परेशानियों का सामना करते हैं । किसी भी वजह से इनके रोजगार पर संकट उत्पन्न नहीं होना चाहिए। 400 से ज्यादा टैक्सी चालक परिवारों का भरण पोषण टैक्सी व्यवसाय से होता है। अन्य टैक्सी सर्विस के आने से इनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसलिए ऑनलाइन टैक्सी सर्विस को संचालन की अनुमति प्रदान न की जाए। नई व्यवस्था जारी की जाए, जिससे यात्रियों और वाहन स्वामियों को सुविधा हो। ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष रोशन सैनी, सचिव दीपक पांडे, उपसचिव मुकेश गौड़,कोषाध्यक्ष कीर्ति नेगी, प्रदीप जायसवाल, राजेंद्र पुंडीर, सुरेश लेखवार, रिजवान आदि मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *