पालिका कार्यालय में फड़, ठेली व्यापारियों का प्रदर्शन
विकासनगर। मुख्य बाजार से फल, सब्जी की ठेलियां हटाए जाने से आक्रोशित ठेली व्यापारियों ने शनिवार को नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। व्यापारियों का कहना है कि बाजार से ठेलियां हटाने के बाद उन्हें रोजगार शुरू करने के लिए उपयुक्त जगह मुहैया नहीं कराई जा रही है, जिससे उनके सामने परिवार के पालन पोषण का संकट पैदा हो गया है। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि करीब एक माह पहले मुख्य बाजार से फल, सब्जी की ठेलियां प्रशासन ने हटा दी थीं, लेकिन अभी तक ठेली लगाने के लिए उपयुक्त जगह मुहैया नहीं कराई गई है, जिससे वे अपना व्यापार शुरू नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले प्रशासन की ओर से कैनाल रोड पर ठेली लगाने के लिए जगह चिह्नित की गई, लेकिन कैनाल रोड पर इन दिनों छोटे यात्री और लोडर वाहन खड़े हो रहे हैं। इससे वहां ठेली लगाने के लिए जगह नहीं मिल रही है। साथ ही आबादी से दूर होने के कारण कैनाल रोड पर व्यापार मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन बाजार से बड़े व्यापारियों का अतिक्रमण हटाने के बजाय छोटे व्यापारियों को साजिश के तहत बेरोजगार कर रहा है। व्यापारियों ने मांग की है कि पालिका की पीठ बाजार के साथ ही सहारनुपर बस अड्डे पर ठेली लगाने के लिए जगह मुहैया कराई जानी चाहिए, जिससे कि व्यापार को नुकसान न हो।
