चोरी के मोबाइल, टैब व स्कूटर के साथ आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कंपनी की लैब की पार्किंग में खड़े श्रमिक के स्कूटर चोरी और एक दुकान से मोबाइल फोन चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के स्कूटर और मोबाइल फोन के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि 17 अगस्त को मदन लामा पुत्र कमल चंद्र लामा निवासी सेलाकुई ने तहरीर देकर बताया कि 16 अगस्त को कंपनी की लैब की पार्किंग में स्कूटर पार्क किया। ड्यूटी समाप्त होने पर देखा तो स्कूटर चोरी हो चुका था। वहीं, 19 अगस्त को सतेंद्र पुत्र पीतांबर निवासी धूलकोट ने तहरीर में बताया कि उसकी मोबाइल शॉप है। दुकान से किसी ने मोबाइल फोन और एक टैब चुरा लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी के स्कूटर और 13 मोबाइल फोन और एक टैब के साथ आरोपी को खैरी जाने वाले रास्ते से दबोच लिया। आरोपी की पहचान लक्ष्मण साहनी पुत्र विश्वनाथ साहनी निवासी ग्राम तलवाड़ा गायघाट जिला मुजफ्फरपुर बिहार हाल निवासी झुग्गी बस्ती अलवर कॉलोनी सेलाकुई के रूप में हुई। पुलिस टीम में एसआई मंसूर अली, अनित कुमार, कांस्टेबल फरमान अली, वृजपाल, त्रेपनसिंह, नवीन कोहली, जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
