खस्ताहालत तहसील मुख्यालय मार्ग पर भड़के कांग्रेसी
विकासनगर। कालसी-चकराता मुख्य मार्ग से कालसी तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग खस्ताहाल है। जगह-जगह गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। मार्ग के सुधारीकरण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जौनसार बावर क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जर्जर हाल इस मार्ग पर कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। इस मार्ग से कई सरकारी कार्यालय जुड़े हुए हैं, जिनमें तहसील मुख्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, ब्लॉक मुख्यालय, खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय, सेवायोजन कार्यालय शामिल हैं। प्रतिदिन छात्र-छात्राओं के विद्यालय जाने के साथ ही लोग भी अपने काम के सिलसिले में सरकारी दफ्तरों में आती है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी मार्ग सुधारीकरण की सुध नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस साल पहले कांग्रेस शासन काल में मार्ग सुधारीकरण हुआ था, उसके बाद से मार्ग की किसी ने सुध नहीं ली है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल्द मार्ग सुधारीकरण शुरू नहीं होने पर तहसील मुख्यालय में अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सूरज तोमर, प्रदीप कुमार, बलवीर चौहान, संजय खान, हृदय सिंह, आशीष कुमार, दिनेश आदि शामिल रहे।
