अतिक्रमण चिह्नित करने आई टीम का विरोध
हरिद्वार
पथरी क्षेत्र के गांव धनपुरा मेन बाजार में सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिये राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। इस दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिकन टीम ने रास्ते की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने के लिए निशान लगाए। विधायक निधि से बनाई जा रही धनपुरा मेन बाजार की सड़क को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से आपत्ति जाहिर कर दी। ग्रामीणों ने शिकायत देकर सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण टीनशेड, रैम्प, स्लैब को हटाने के बाद सड़क बनाने की मांग की। जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम सोमवार को सड़क के दोनों ओर हुए अतिक्रमण की पैमाइश करने पहुंची। अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध किया तो ग्रामीण टीम के समर्थन में उतर गए। ग्रामीणों के समर्थन मिलने के बाद टीम ने सड़क की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने के लिये निशानदेही शुरू की। ग्रामीणों ने बताया अतिक्रमण के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। बड़े वाहनों को निकालना भी मुश्किल हो जाता है। हल्का लेखपाल ऋषिपाल ने बताया टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिये निशान लगा दिए है। अतिक्रमण हटाने के बाद ही सड़क को बनाया जाएगा।
