आप ने भर्ती घपले के खिलाफ प्रदर्शन किया
रुड़की
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले के विरोध में प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आप ने केंद्र सरकार पर ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाया। चंद्रशेखर चौक पर प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रुड़की जिला प्रभारी प्रेम सिंह ने कहा भर्ती घोटाले ने भाजपा सरकार की पोल खोलकर सामने रख दी है। भाजपा सरकार में लगातार भर्ती के नाम पर घपले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में जांच कर रही एसटीएफ भाजपा सरकार के दबाव में है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष दुष्यंत सिंह महारथी ने की। इस अवसर पर नरेश प्रिंस, दुष्यंत महारथी, लक्ष्मी सोनकर, विजेंद्र तोमर, प्रमोद, सुरेंद्र शर्मा, शोएब मलिक, अहमद उस्मानी, सुरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।