जुमे की नमाज के दौरान चारमीनार के आसपास के इलाकों में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ
हैदराबाद
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में चारमीनार के आसपास के इलाकों में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ और इस ऐतिहासिक स्मारक के पास जुमे की नमाज भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ हैदराबाद के कुछ हिस्सों में बीते कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। टी राजा सिंह ने इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, इसलेकर काफी विवाद हो रहा है। पुलिस के मुताबिक हैदराबाद में तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर शुक्रवार दोपहर को अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया। टी राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने एहतियातन हिरासत अधिनियम के तहत फिर से गिरफ्तार कर लिया था। राजा सिंह के बयान को लेकर हैदराबाद में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
सिंह को इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए 23 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उस दिन बाद में अदालत ने राजा सिंह को रिहा कर दिया था, क्योंकि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करते समय उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया था। राजा सिंह की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था कि हैदराबाद के कुछ हिस्सों में हुआ प्रदर्शन सीधे तौर पर भाजपा नेता के कथित नफरत फैलाने वाले भाषण का नतीजा है।
