टैंकरों से कराई पानी की आपूर्ति

श्रीनगर गढ़वाल

देवलगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति न होने पर गुस्साए ग्रामीणों के लिए जल संस्थान ने पानी के टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराई। देवलगढ़ क्षेत्र सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास समिति के अध्यक्ष कुंजिका प्रसाद उनियाल ने बताया कि पेजयल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों के आक्रोश के चलते जल संस्थान ने देवलगढ़ में पानी का टैंकर भेजकर गोस्याल, पवनखाल व अखाड़ा के ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से दर्जनों गांवों को पेयजल आपूर्ति करने वाली दो योजनाओं की देखरेख के लिए पूर्णकालिक फीटर न होने और बार बार पेयजल लाइन टूटने से समस्या बनी है। ढिकवालगांव पेयजल योजना पर राइंका देवलगढ़ के पास बने टैंक पर पानी प्रेशर से न पहुंचना भी समस्या बनी हुई है। जहाँ से देवलगढ़ के लिए पानी छोड़ा जाता है। इस योजना पर भटोली से अखाड़ा देवलगढ़ के बीच कई जगह लाइन पर कट लगाये जाने से पानी रिसने के कारण भी प्रेशर नहीं बन पा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद जल संस्थान हरकत में आया है। जिससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *