अधिग्रहण की गई भूमि का पूरा पैसा न मिलने से रोष
रुड़की
कस्बे में हुई किसानों की एक बैठक में 2018 में रेलवे ट्रैक के लिए अधिग्रहण की गई भूमि का अभी तक भी पूरा पैसा नहीं मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई। एसडीएम को ज्ञापन देने की बात कही। समस्या का हल न निकलने पर रेलवे का काम रुकवा कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी किसानों ने दी है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत युवा जिला अध्यक्ष संजीव सैनी के आवास पर किसानों की एक बैठक आहूत की गई। बैठक में कहा गया कि रेलवे ट्रैक बनने के लिए जिन किसानों की भूमि सरकार द्वारा अधिग्रहण की गई थी उन किसानों को उनकी जमीन आज तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। किसान राजपाल सिंह व संजीव सैनी ने कहा कि 2018 में सरकार ने किसानों की भूमि रेलवे लाइन बनाने के लिए अधिग्रहित कर ली थी। उस समय किसानों से वायदा किया गया था कि जिस किसान की भूमि अधिग्रहित की जाएगी, उस किसान के परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता के अनुसार रेवले में नौकरी दी जाएगी। नौकरी नहीं मिलने पर पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। दोनों में से एक भी बात को पूरा नहीं किया गया।
