सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम कार्यालय में प्रदेश सरकार व पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने मांग पूरी न होने पर 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन हडताल में जाने की चेतावनी दी। पिथौरागढ़ में सोरघाटी सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज पांडेय के नेतृत्व में विक्रेताओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि कई बार सरकार व प्रशासन के सामने सस्ता गल्ला विक्रेता समस्या रख चुके हैं पर झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। विक्रेताओं ने सम्मानजनक मानदेय देने, धर्मकांटे व डिजिटल कांटे से राशन तौलकर देने, लाभांश का कमीशन 300 रुपये प्रति कुंतल, दुकान का किराया, बिजली का बिल, इंटरनेट का खर्चा व प्रत्येक सस्ता गल्ला विक्रेता का 20 लाख का बीमा कराने की मांग की। यहां महासचिव कैलाश जोशी, ललित महर, भागीरथी बिष्ट, भावना अग्रवाल, मनोज कापड़ी, ललित कोठारी, महिमन भट्ट, भूपाल दत्त कापड़ी रहे।
