आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बिजली उत्सव का आयोजन हुआ
चमोली। भारत की आजादी के अमृत उत्सव की श्रृंखला में टी एच डी सी एवं विद्युत विभाग गोपेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में विद्युत मंत्रालय ने चमोली जिले के दशोली में बिजली महोत्सव का आयोजन किया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने नया भारत खुशहाल भारत के सम्बोधन के साथ उत्सव का उदघाटन किया। आयोजकों ने बताया कि बिजली महोत्सव का आयोजन राज्य और केंद्र सरकारों के बीच एक संयुक्त मंच के रूप में किया गया है जिसमें बिजली के क्षेत्र की प्रमुख उपलब्धियों को उजागर किया गया। उन्होंने कहा बिजली महोत्सव सम्पूर्ण देश में उज्जवल भारत उज्जवल भविष्य पावर 2047 के तत्वावधान में मनाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी हो और बिजली क्षेत्र के विकास को वृहद पैमाने पर नागरिकों तक पहुंचाया जा सके। उत्सव में उरेडा की वरिष्ठ परियोजना अधिकारी वंदना ने सोलर ऊर्जा की सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि विधायक भूपाल राम टम्टा ने पहाड़ों की स्थिति के मध्य नजर एवम अन्य सुविधाओं पर निरन्तर कार्य करने और विद्युत विभाग के कार्यों को और बेहतर बनाने की बात कही। कार्यक्रम में टीएचडीसी के नोडल अधिकारी राजेंद्र सरियाल, रमेश चौहान, विद्युत विभाग से अमित सक्सेना, अंकित राव आदि मौजूद रहे
