रोडवेज बस में युवक बना जहरखुरानी गिरोह का शिकार

ऋषिकेश।  दिल्ली रूट की रोडवेज बस में सवार एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके पास नगदी और सामान लूट लिया। पीड़ित ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे में अचेत मिला, इसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक जयवीर सिंह (30) पुत्र जोत सिंह निवासी ग्राम इंडर, कांडीखाल, सुनार जनपद टिहरी गढ़वाल दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। किसी काम से छुट्टी लेकर अपने गांव आ रहा था। सोमवार रात दिल्ली अंतरराज्यीय बस अड्डे से ऋषिकेश आने के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ था। बताया जा रहा है कि रास्ते में बस में जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। मंगलवार सुबह जयवीर बेहोशी की हालत में ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डा परिसर में मिला। 108 आपातकालीन एंबलेंस की सहायता से उसे ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। दोपहर बाद होश आने पर पीड़ित ने बताया कि जहरखुरान ने करीब तीन हजार रुपये, मोबाइल और सामान से भरा बैग लूट लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *