वार्षिक खेड़ा पूजन का आयोजन किया

विकासनगर

छावनी बाजार के चिंताहरण महादेव मंदिर स्थित खेड़ापति (नगर देवता) मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक खेड़ा पूजन का आयोजन किया गया। खेड़ा पति महाराज को ढोल बाजों के साथ नगर परिक्रमा कराई गई। पूजन में छावनी के बाशिंदों के साथ ही ग्रामीणों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। शुक्रवार सुबह छावनी बाजार स्थित चिंताहरण महादेव मंदिर के खेड़ा (नगर देवता) मंदिर में शहर की सुख समृद्धि की कामना के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी महाराज सिद्धेश्वर गिरी और पंडित पातीराम पंत ने खेड़ापति महाराज को स्नान करा नए वस्त्र धारण कर पूजा अर्चना की। उसके बाद मंदिर में स्थित शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर में विश्व शांति यज्ञ का आयोजन कर सर्व समाज की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद मंदिर से ढोल बाजों के साथ खेड़ापति महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों का उद्घोष आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर शहीद चौक, वीर केसरी मार्किट, सदर बाजार, चौक बाजार, तहसील मार्ग से होते हुए मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई। इस दौरान पूरा क्षेत्र महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *