प्रोफेसर मलिक को विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार से किया सम्मानित
रुड़की
प्रोफेसर ओपी मलिक को शोध उत्कृष्टता श्रेणी में विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार समारोह बोस ऑडिटोरियम, भौतिकी विभाग आईआईटी रुड़की में आयोजित हुआ। प्रोफेसर मलिक ने पिछले 50 वर्षों में विद्युत ऊर्जा प्रणालियों और पवन ऊर्जा उत्पादन में अनुप्रयोग के लिए नियंत्रकों के विकास में अग्रणी कार्य किया है। उनके समूह द्वारा विकसित अनुकूली नियंत्रक अब बड़ी उत्पादन इकाइयों पर कार्यरत हैं। उनकी अन्य रुचियों में डिजिटल सुरक्षा, अक्षय ऊर्जा उत्पादन और माइक्रो-ग्रिड का नियंत्रण, बिजली व्यवस्था नियंत्रण में एआई अनुप्रयोग शामिल हैं। विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार रुड़की विश्वविद्यालय या आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्रों को निम्नलिखित छह श्रेणियों में से किसी में उनके उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए दिए जाते हैं। शैक्षणिक या अनुसंधान उत्कृष्टता, इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी नवाचार में उत्कृष्टता, सरकार या सार्वजनिक क्षेत्र में नेतृत्व में उत्कृष्टता, निजी क्षेत्र के नेतृत्व में उत्कृष्टता, उद्यमशीलता उत्कृष्टता, समाज की सेवा में उत्कृष्टता में यह पुरस्कार दिए जाते हैं। हर वर्ष प्रत्येक श्रेणी से अधिकतम दो पुरस्कार दिए जाते हैं। प्रोफेसर ओपी मलिक ने कहा कि यह पुरस्कार पाकर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। खुद को वह बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि वह आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह बहुत आभारी हैं कि उनके काम को संस्थान के अधिकारियों ने मान्यता दी। कहा कि आईआईटी रुड़की हमेशा उत्कृष्टता के मानक स्थापित करता है। यह बहुत संतुष्टि और उपलब्धि की भावना देता है कि कोई उन मानकों का पालन करने में सक्षम है। इस तरह की मान्यता हमारे मूल्यों को पुष्ट करती है। कहा कि संस्था द्वारा स्थापित और अनुरक्षित उच्चतम मानकों के अनुरूप काम करना जारी रखने के लिए प्रेरित करती है। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर केके पंत ने कहा कि आईआईटी रुड़की ने हमेशा छात्रों में कार्य नैतिकता, समर्पण और प्रतिबद्धता जैसे मजबूत मूल्यों को स्थापित करने और उन्हें अपने प्रयासों के क्षेत्र में अग्रणी बनने के लिए पोषित करने का प्रयास किया है। बताया कि आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्रों ने 10 यूनिकॉर्न सहित 540 से अधिक कंपनियों की स्थापना की है। इन कंपनियों ने वित्त पोषण में 8.45 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक फंड जुटाए हैं। संस्थान के लिए अपने पूर्व छात्रों का सम्मान करना और यह जानना बहुत गर्व और संतुष्टि का विषय है कि वह अपने डोमेन को उस कार्य नैतिकता और मूल्यों से रोशन कर रहे हैं। जो संस्था ने सावधानीपूर्वक और परिश्रम से अपने भीतर स्थापित किए हैं। इसके अलावा आईआईटी रुड़की सभी क्षेत्रों में विचारों के आदान-प्रदान, नए कौशल के विकास और बेहतर परिणाम गुणवत्ता के लिए सहयोगी अनुसंधान पर जोर देता है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए प्रोफेसर मलिक को बधाई देते हैं और उनके सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं। कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह निरंतर कड़ी मेहनत और शोध के प्रति समर्पण के साथ आईआईटी रुड़की को गौरवान्वित करना जारी रखेंगे।
