नजरपुरा से नहर पुल तक छोटी सर्विस लेन बनाई जाए
रुड़की
राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। नगर क्षेत्र में न तो अंडरपास बना और न ही पैदल पुल का निर्माण हुआ। अब क्षेत्रीय जनता ने नजरपुरा गांव से लेकर नहर पुल तक छोटी सर्विस लेन के निर्माण की मांग उठाई है ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण की ओर से हाईवे को टोल रोड के रूप में विकसित किया गया। लेकिन किसी भी तरह की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। परिणाम स्वरूप लोग अपनी जान को जोखिम में डालकर सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे पर जाने को मजबूर हैं। नगर क्षेत्र में न तो अंडरपास का निर्माण किया गया और न ही पैदल पुल का निर्माण हुआ। जिससे लोग एक तरफ से दूसरी तरफ आसानी से आ जा सके। पैदल पुल के निर्माण के लिए जगह चिह्नित कर दी गई थी। लेकिन पैदल पुल का निर्माण नगर क्षेत्र में नहीं हो पाया। नगर में रोजाना सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। हाईवे प्राधिकरण की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी तक नहीं लगाए गए। इसके अलावा नगर क्षेत्र में न तो यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया और न ही सुलभ शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की गई। कुछ दिनों पूर्व भी नजरपुरा गांव के सामने हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हुई। जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। नजरपुरा कट से छात्र-छात्राओं को नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज जाना होता है तो वह विपरीत दिशा से ही जाते हैं। क्योंकि यदि वह देवबंद तिराहे से घूमकर आएंगे तो कम से कम उन्हें तीन किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी होगी। इसी तरह जो लोग नहर पटरी मार्ग से लिब्बरहेरी या अन्य गांव को जाना चाहते हैं वह भी मंगलौर से नजरपुरा गांव वाले कट से होकर विपरीत दिशा से ही नहर पुल तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री, कोषाध्यक्ष चौधरी सुक्ररम पाल सिंह, अनुज चौधरी, अनुज सालार आदि ने हाईवे प्राधिकरण से मांग करते हुए कहा है कि नजरपुरा से लेकर नहर पुल तक छोटी सर्विस लेन का निर्माण किया जाए, ताकि लोग आसानी से दुपहिया वाहन आदि लेकर आवागमन कर सके। साथ ही पैदल लोग और छात्र आसानी से आ जा सके। जिससे दुर्घटनाएं कम हो सके। हाईवे प्राधिकरण के जनसंपर्क अधिकारी अतुल शर्मा का कहना है कि विभाग जनसमस्याओं का संज्ञान ले रहा है। जहां जिस तरह की आवश्यकता है उसके लिए जल्द ही सर्वे कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
