भाजपा पार्षद बोले, मेयर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग
हरिद्वार
भाजपा पार्षद दल के नेता सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने मेयर अनिता शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की है। भाजपा पार्षदों ने मेयर पति अशोक शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया कि मेयर पति राजनीतिक रूप से बेरोजगार हो गए हैं। निजी स्वार्थ पर मेयर पति का ध्यान टिका है। उन्होंने मेयर पति पर नगर निगम में मनमर्जी चलाने और कार्यों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है। रविवार को भाजपा पार्षदों ने प्रेस क्लब सभागार पहुंच कर पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने कहा कि शहर में साफ सफाई की व्यवस्था चौपट हो है। शहर में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन शहर की साफ सफाई पर मेयर का ध्यान नहीं है। शहर में डेंगू फैलाने की जिम्मेदारी मेयर की है। फूल फरोशी और अलाव के टेंडर मेयर नहीं होने दे रही है। टेंडर अपने कार्यालय में खुलने की जिद पर अड़ी हैं। आरोप लगाया कि टेंडर में हस्तक्षेप कर मेयर पति अपने लोगों को टेंडर दिलवाना चाहते हैं। मेयर पति की पूर्व में हरियाणा के ठेकेदार से वार्ता करते हुए ऑडियो भी वायरल हो चुकी है। पार्षद राजेश शर्मा ने कहा कि मेयर नगर निगम बोर्ड प्रोसिडिंग 10 दिन बाद घर पर लिखती हैं। बोर्ड बैठक में ही मेयर को पास हो चुके प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करने चाहिए। दस दिन बाद मेयर अपनी मनमर्जी से काम करती हैं इस कारण बोर्ड बैठक में पास हुए प्रस्ताव बेमानी हो जाते हैं। उन्होंने सरकार से मांग है कि मेयर को बर्खास्त किया जाए। प्रेस वार्ता में भाजपा पार्षदों ने कहा कि मेयर पति अब नगर निगम की संपत्तियों को हड़पने में लगे हुए हैं। मेयर पति हरिद्वार की जनता का अपमान कर रहे हैं। ठंड बढ़ रही है लेकिन मेयर पति अलाव का टेंडर नहीं होने दे रहे हैं। मेयर पति भ्रष्टाचार खुद कर रहे हैं और आरोप दूसरों पर लगा रहे हैं। मेयर पति ने नगर निगम को पंगू बना दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पार्षद अनिरुद्ध भाटी, सचिन अग्रवाल, राजेश शर्मा, लोकेश पाल, शुभम मंदोला, विनीत जॉली, सचिन बेनीवाल आदि पार्षद उपस्थित रहे।