भाजपा को मिल रहा जनता का अपार समर्थन, पुनः भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे : अजय भट्ट

नैनीताल। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। साफ नजर आ रहा है कि 2022 में दोबारा भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो कोविड टीका न लगाने की बात कहते थे, वही रात को टीका लगवाने जाते थे। कहा कि विदेशी निवेश भारत में तेजी से आ रहा है, जिससे भारत विश्व के चोटी के देशों में अपना स्थान बना पाया है। सोमवार को भाजपा की विजय संकल्प यात्रा ने नैनीताल जिले में प्रवेश किया। बेतालघाट, गरमपानी व भवाली में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने यात्रा को संबोधित किया। बेतालघाट ब्लॉक में गरमपानी मंडल अध्यक्ष रमेश सुयाल ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा धनियाकोट से होते हुए गरमपानी पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल यात्रा का स्वागत किया। प्रदेश चुनाव सह प्रभारी रेखा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड के सभी लोगों की भागीदारी से भाजपा की दोबारा सरकार बनेगी। कहा कि भाजपा जिसे भी टिकट देगी, वही प्रत्याशी जीतेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह ने साबित कर दिया है कि भाजपा कितनी ताकतवर है। पार्टी समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट देगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा जीत दर्ज करेगी। इस दौरान बेतालघाट प्रधान किरन उपाध्याय, गोपाल तिवारी ने केंद्रीय राज्य मंत्री भट्ट को आईटीआई कॉलेज खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। इस दौरान सांसद अजय टम्टा, प्रताप सिंह बोहरा, नीरज बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, तारा भंडारी, मोहन पाल, अम्बा आर्य, दामोदर जोशी, गोविन्द नेगी, लाभांशु पनौरा, कैलाश बधानी, संजय पाण्डेय, नितिन सिंह, नवीन सिंह, रक्षित साह, कमलेश जलाल, क्रीति सिंह, कमला आर्य, जानकी लोहिया, मनोज पडलिया, प्रवीण, शिवराज सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *