रक्षा लेखा विभाग पेंशनर्स एसोसिएशन ने किया वरिष्ठ सदस्य सम्मान समारोह आयोजित
रुडकी
रक्षा लेखा विभाग पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से आठवां वरिष्ठ सदस्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही पेंशनर्स को एकजुट होकर आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
रुड़की पुरानी तहसील स्थित कश्यप धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप, वानप्रस्थि जन जागरण अभियान के संस्थापक कर्नल रिटायर्ड एमपी शर्मा, संस्था के अध्यक्ष पीके आहूजा ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। एमपी शर्मा ने कहा कि शहर में निवास करने वाले पेंशनर्स को एक सूत्र में संगठित कर एक दूसरे के सुख दु:ख में शामिल होने के साथ-साथ समाज को अपने अनुभवों का लाभ पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पेंशनर्स के समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान की प्रशंसा कर कहा कि सम्मान करने से बुजुर्गों का मनोबल बढ़ता है। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ सदस्य अजब सिंह को माल्यार्पण, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन कर महासचिव बीएम शर्मा ने कहा कि यह संस्था सर्वहित भाव से पेंशनर्स के हित संरक्षण जैसा पुनीत कार्य कर रही है। हम सभी को संगठित होकर बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए। अध्यक्ष पीके आहूजा ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देकर समारोह का समापन किया। कार्यक्रम में सुरेश मलिक, अशोक शर्मा, जीके सिंघल, एमसी भट्ट, एनके मेहता, हरफूल सिंह, सरफराज अली, गुरुदर्शन सिंह, डीके आहूजा, अजय गुप्ता, राम सिंह धनगर, पी सेठी, आरके गुप्ता, अवनीश शर्मा, सीजी कुकरेती और एसके जैन आदि मौजूद रहे।
