कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन
विकासनगर
विकासनगर के लाइन जीवनगढ़ स्थित एक औद्योगिक इकाई प्रबंधन पर आर्थिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने गुरुवार को भी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। तीन दिन से कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि प्रबंधन उनकी मांगों पर गौर नहीं कर रहा है। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर न्याय ही गुहार लगाई।
गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि काम के दौरान उन्हें किसी भी तरह की सुरक्षा किट मुहैया नहीं कराई जा रही है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। औद्योगिक इकाई में सामान के ढुलान का पैसा प्रबंधन रख लेता है, जबकि सामान उतारने और चढ़ाने का काम कर्मचारियों से कराया जाता है। आरोप लगाया कि बारह घंटे तक काम लेने के बावजूद उन्हें मानक से कम वेतन दिया जा रहा है। प्रबंधन की ओर कर्मचारियों को दिन में भोजन कराया जाता है, लेकिन उसका पैसा वेतन काटा जा रहा है। आकस्मिक अवकाश लेने पर उस दिन का वेतन काट दिया जाता है। कहा कि अपने अधिकारों की मांग पर पर प्रबंधन ने करीब दस वर्षों से काम कर रहे तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। आरोप लगाया कि कर्मचारियों को बर्खास्त अन्य कर्मचारियों को डराने की कोशिश कर तनावपूर्ण माहौल बनाया जाता है। ताकि कर्मचारी अपने हितों के लिए आवाज न उठा सके। बताया कि कई बार प्रबंधन से कर्मचारियों के लिए सुरक्षात्मक माहौल बनाने और आर्थिक शोषण बंद करने की मांग की गई। बावजूद इसके उनकी मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में सुनील कुमार, रणवीर सिंह, मौसम कुमार, प्रद्युम्न कुमार, नितिन, धर्म सिंह, सियाराम, मोहित, विपिन, सुनील, विशाल, बब्बन, अनूप, साहिल, महावीर, श्रीचंद आदि शामिल रहे।