चोरी की मोटरसाइकिल के साथ चोर गिरफ्तार
रुड़की
रुड़की के लक्सर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलों को भी बरामद की है। लक्सर कोतवाली में पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार ने पत्रकारों को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने लिए हरिद्वार एसएससी द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं जिस पर लक्सर कोतवाल अमरजीत सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की गठित टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार दो आरोपियों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस टीम को देख दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस की टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी गन्ने के खेत का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लक्सर ऋषिकेश और डोईवाला से चुराई गई अन्य चार मोटरसाइकिलों को बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी शाहदाब ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने अपने फरार साथी प्रवेश के साथ डोईवाला और ऋषिकेश में मोटरसाइकिल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी शाहदाब को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, साथ ही फरार आरोपी प्रवेश की तलाश जारी है।
