भेल कारखाने में घुसे आतंकी ढेर
हरिद्वार। भेल कारखाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआईएसएफ ने मॉक ड्रिल कर रिस्पॉस टाइम चेक किया। सीआईएसएफ ने रिस्पॉस टाइम में खरा उतरने का दावा किया है। शुक्रवार को भेल कारखाने के गेट संख्या पांच से पांच आतंकवादियों के कैंपस में घुसने की सूचना फ्लैश की गई। सूचना मिलने के साथ ही सीआईएसएफ के जवान एक्शन मोड में आ गए। सीआईएसएफ ने मोर्चा संभालते हुए मुख्य गेट पर ही दो आतंकी ढेर कर दिए। जबकि एक घंटे तक चली मुठभेड़ के दौरान अन्य तीन आतंकी भी मार गिराए। सीआईएसएफ ने अपनी चौकसी को परखने के मकसद से ही मॉक ड्रिल का आयोजन किया था। एक बारगी फैक्ट्री कैपस में सीआईएसएफ के तेजी से हरकत में आने को लेकर फैक्ट्रीकर्मी जरुर हैरान परेशान दिखाई दिए। लेकिन जब उन्हें पता चला कि यह मॉक ड्रिल थी तब उनकी जान में जान आई।
