पंचायत की 4000 बीघा जमीन से हटेंगे अवैध कब्जे
रुड़की
चंदपुरी बांगर के ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात कर पंचायत की करीब चार हजार बीघा जमीन पर बाहरी लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे हटवाने की मांग की। बताया कि दस साल पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कब्जे हटाए नहीं गए हैं। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। खानपुर ब्लॉक की चंदपुरी बांगर पंचायत के प्रधान कर्मपाल सिंह और उप प्रधान कुसमपाल के साथ होशराम, बीरमपाल, रहतू सिंह, मदनपाल, ऋषिपाल, अशोक कुमार, अतर सिंह, छतर सिंह, कुसमपाल, राजेंद्र, धर्म सिंह, सुरेंद्र, अनूप सिंह आदि लोग शुक्रवार को लक्सर पहुंचकर एसडीएम गोपाल राम बिनवाल से मिले। बताया कि उनकी पंचायत की करीब चार हजार बीघा जमीन पर लोगों के अवैध कब्जे हैं। वर्ष 1990 में पंचायत ने नियमविरुद्ध तरीके से इस जमीन पर 174 लोगों को पट्टे आवंटित किए थे। शिकायत पर जांच के बाद पट्टे निरस्त हो गए। पट्टाधारक इस आदेश के खिलाफ कोर्ट गए। मामला सिविल कोर्ट से लगाकर उच्चतम न्यायालय तक गया। 2010 में सुप्रीम कोर्ट ने भी पट्टे निरस्तीकरण के आदेश को सही ठहराते हुए निर्णय पंचायत के पक्ष में दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस दौरान बहुत से लोग पट्टे की जमीन बाहरी लोगों को बेच चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद जमीन उनसे खाली नहीं कराई गई है। आरोप लगाया कि वहां एक, एक व्यक्ति सौ, सौ बीघा जमीन पर फसल लगा रहा है। प्रधान ने जमीन खाली कराकर पंचायत के सुपुर्द करने की मांग की। कहा कि इस जमीन पर पंचायत के भूमिहीन लोगों को पट्टे दिए जाएंगे। एसडीएम बिनवाल ने कार्रवाई का भरोसा ग्रामीणों को दिया है।
