मामूली विरोध के बीच 80 एकड़ भूमि खाली कराई

 

रुद्रपुर। पीपल पड़ाव रेंज की ककराला बीट में शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए लोगों के मामूली विरोध के बीच अतिक्रमण की गई 80 एकड़ जमीन खाली करा ली। इस दौरान आठ कच्चे घरों को भी ढहा दिया गया। पीपल पड़ाव रेंज के अंतर्गत गदगददिया अनुभाग ककराला बीट में काफी दिनों से अतिक्रमण की शिकायत आ रही थी। अतिक्रमणकारी धीरे-धीरे वन भूमि पर कब्जा कर रहे थे। कोई कुछ महीनों से तो कोई एक-दो सालों से अतिक्रमण कर रहा था। इसको लेकर वन विभाग व पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों के निर्देशन में अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गठित की गई। इसमें वन विभाग की टीम के साथ बाजपुर, गदरपुर थाने की महिला पुलिस के साथ ही पीएसी की एक प्लाटून व गदरपुर तहसील के अधिकारी को भी शामिल किया गया। वन क्षेत्र अधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि शुक्रवार को जेसीबी की मदद से टीम ने छह लोगों के आठ कच्चे घरों को ढहा दिया गया। इसके अलावा कब्जाई गई करीब 80 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त करा ली गई। इस बीच लोगों ने टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन भारी फोर्स के आगे उनकी एक न चली। बताया कि अतिक्रमणकारियों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *