ऋषिकेश में फिल्म आदिपुरुष देखने सिनेमा हॉल में उमड़ी भीड़
ऋषिकेश। ऋषिकेश में फिल्म आदिपुरुष देखने सिनेमा हॉल में भीड़ उमड़ी। फिल्म पहले दिन हॉउसफुल रही। प्रथम शो का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक और मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने रिबन काटकर किया। काबीना मंत्री ने कहा कि श्रीराम हमारे मन-मस्तिष्क में बसे हुए हैं। शुक्रवार को रामा पैलेश हॉल में श्री राम के जीवन पर आधारित फिल्म आदिपुरुष दिखाई गई। सिनेमा हॉल में एक सीट संकटमोचन हनुमान के लिए आरक्षित रखी गई। पहले दिन ही फिल्म हॉउसफुल रही। अग्रवाल ने कहा कि राम हमारे मन-मस्तिष्क में बसे हुए हैं। गरीब हो या अमीर सबके मुख पर राम का नाम ही पहले आता है। उन्होंने कहा कि भौतिकता की होड़ में मानव जीवन में सारी तरह की सुविधाएं तो हासिल हो गई हैं पर हम अपने को सही अर्थों में सुखी नहीं पा रहे हैं। जीवन में हताशा और निराशा व्याप्त है। श्रीराम जी के जीवन पर बनी फिल्म देखकर हमें सुख और शांति मिलती है। कहा कि श्री रामचंद्र की सभी चेष्टाएं धर्म, ज्ञान, नीति, शिक्षा, गुण, प्रभाव, तत्व एवं रहस्य से भरी हुई हैं। कहा कि उनका व्यवहार देवता, ऋषि, मुनि, मनुष्य, पक्षी, पशु आदि सभी के साथ ही प्रशंसनीय, अलौकिक और अतुलनीय है। उसे स्मरण करने से ही रोमांच हो आता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम की कोई भी चेष्टा ऐसी नहीं जो कल्याणकारी न हो। उन्होंने श्रीराम के प्रत्येक व्यवहार से शिक्षा लेने का आह्वान किया। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री और कार्यक्रम आयोजक प्रतीक कालिया ने कहा कि हिंदू संस्कृति के अनुसार भाइयों के साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। इसकी शिक्षा हमें रामायण में श्रीराम, श्रीलक्ष्मण, श्रीभरत एवं श्रीशत्रुघन के चरित्रों से स्थान-स्थान पर मिलती है। उनकी प्रत्येक क्रिया में स्वार्थ त्याग और प्रेम का भाव झलक रहा है। मौके पर व्यापारी संजय व्यास, नवल कपूर, श्रवण जैन, सन्दीप गुप्ता, पार्षद प्रदीप कोहली, प्रदीप दुबे, नितिन गुप्ता, हरीश ढींगरा, मनोज कालरा, अंकित नैथानी, सौरभ गर्ग, अजय कालरा, नरेंद्र खुराना, धीरज चतरथ, धीरज मखीजा, पदम शर्मा, गुड्डू सिंह, सत्यवीर तोमर आदि मौजूद रहे।
