जी-20 शिखर सम्मेलन के कार्यों में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
ऋषिकेश। जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर त्रिवेणीघाट पर गंगा आरती में पहुंचने वाले मेहमानों के स्वागत की तैयारियां धीमी गति से चल रही हैं। निर्माण और अन्य कामों में लेटलतीफी पर डीएम बेहद नाराज हो गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कड़ी फटकार लगाई है। दो टूक कहा है कि आखिर आप लोग कर क्या रहे हैं। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में सभी कामकाज पूरे नहीं होने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। डीएम सोनिका शुक्रवार को सीडीओ झरना कामठान के साथ त्रिवेणीघाट पर पहुंचीं। उन्होंने निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद घाट पर ही अधिकारियों की बैठक ली। तैयारियों की की धीमी चाल पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। बोलीं, मैं पहली दफा यहां आई थीं, तो तब भी निर्माण कार्यों की स्थिति यही थी और अब भी हालत कुछ ज्यादा नहीं बदले हैं। त्रिवेणीघाट के आसपास के साफ-सफाई में लापरवाही को लेकर वह और ज्यादा बिफर गईं। उन्होंने नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल को जमकर लताड़ लगाई, तो अचनाक नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का अमला घाट पर पहुंचा। डीएम ने सिंचाई विभाग और एमडीडीए के अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा कि सभी तैयारियों को 20 जून तक परा करें। बावजूद, तय वक्त पर किसी भी महकमे का काम अधूरा मिला, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर एडीएम रामजी शरण शर्मा, एसडीएम सौरभ असवाल, ईई शक्ति प्रसाद, तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा, सहायक अभियंता अनुभव नौटियाल, प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे आदि मौजूद थे।
