बाढ़ प्रभावित 11 गांवों में की 550 की स्वास्थ्य जांच
रुड़की। सीएचसी की टीमों ने बाढ़ से प्रभावित लक्सर के 11 गांवों में शिविर लगाए। शिविर में करीब साढ़े पांच सौ लोगों की स्वास्थ्य जांच के बाद बुखार, खांसी, जुकाम, एलर्जी के मरीजों को दवा दी गई। इसके अलावा टीमों ने लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचने के लिए जागरूक भी किया। लक्सर नगर के अलावा तहसील क्षेत्र के 33 गांव हाल ही में बाढ़ से प्रभावित रहे हैं। बाढ़ का पानी उतरने के बाद वहां संक्रामक बीमारियां होने की आशंका के तहत स्वास्थ्य विभाग चिकित्सा शिविर लगा रहा है। कैंप के प्रभारी बीपीएम आशीष शर्मा ने बताया कि शनिवार को एएनएम तथा सीएचओ की टीमों ने नगर के लोको कालोनी, शुगर मिल कालोनी, लक्सरी, संत नगर के अलावा नवादा, रायसी, दरगाहपुर, भिक्कमपुर, सेठपुर, तिलकपुरी और मुंडाखेड़ा कलां में शिविर लगाए।
