बाइक की टक्कर से घायल छात्रा जौलीग्रांट रेफर

रुड़की। कस्बे के स्कूल से घर लौट रही छात्रा की साइकिल को बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को लक्सर से हायर सेंटर रेफर किया गया। छात्रा फिलहाल जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती है। उसके दादा ने लादपुर के दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है लक्सर के अकौढा कलां गांव के पवन सिंह पुत्र कलीराम ने बताया कि उसकी 12 साल की पोती जाह्नवी लक्सर के निजी स्कूलों में पढ़ती है। वह साइकिल पर घर से स्कूल आती जाती है। बीते शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय बालावाली रोड पर अकौढा मोड़ के पास पीछे से आ रही बाइक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जाह्नवी को गंभीर चोटें लगी। आसपास के लोगों ने उसके घर जानकारी देने के साथ ही उसे लक्सर के एक नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताकर हरिद्वार भिजवाया। जहां से उसे देहरादून रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसे जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है। अस्पताल के डॉक्टर अभी भी उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। कोतवाल अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर लक्सर क्षेत्र के लादपुर गांव निवासी युवक शहजान और उमेर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *