नैनो यूरिया से किसानों को होगा फायदा: डीएम
हरिद्वार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि नैनो यूरिया किसानों के लिए एक वरदान स्वरूप है तथा किसानों को बेहिचक नैनो यूरिया का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि यह किसानों को कम लागत में अधिक फायदा पहुंचा सकती है। उन्होंने किसानों से नैनो यूरिया (तरल) के फायदों को देखते हुए इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। यह बातें उन्होंने इफको के अधिकारियों से मुलाकात के दौरान कही। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल से कलक्ट्रेट में इफको के अधिकारियों ने मुलाकात की तथा इफको नैनो यूरिया (तरल) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इफको के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि नैनो यूरिया (तरल) किसानों के लिये एक वरदान साबित हो रहा है। यह सस्ता होने के साथ ही अधिक कारगर तथा पर्यावरण के अनुकूल है। उन्होंने बताया कि इफको नैनो यूरिया (तरल) नैनो तकनीक पर आधारित एक अनोखा उर्वरक है, जो विश्व में पहली बार इफको द्वारा विकसित किया गया है तथा भारत सरकार द्वारा अनुमोदित है।
