गुरुकुल विवि का योग एवं पारंपरिक विषयों में शोध कार्य दुनिया भर में प्रसिद्ध
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विवि के योग विभाग में दस दिवसीय कार्यशाला के समापन पर मुख्य अतिथि प्रो. ईश्वर भारद्वाज ने कहा कि विवि का योग एवं पारंपरिक विषयों में शोध कार्य दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इसका वातावरण शोध अनुसंधान की प्रेरणा देता है। शोध की गहराइयों, कठिनाइयों, नए विषयों को जानने, समझने, नवीन ज्ञान को सामने लाने की विधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राध्यापकों, अनुसंधताओं का मार्गदर्शन करेगा। योग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष और कार्यशाला के निदेशक प्रो. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि योग का सभी विषयों के साथ संबंध है। इसका किसी भी विषय के साथ अनुसंधान संपन्न किया जा सकता है। बिना योग किए हम मन, बुद्धि की क्षमता का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं कर सकते। कार्यशाला के संयोजक डॉ. ऊधम सिंह ने कहा कि कार्यशाला शोध विधियों को सिखाने के लिए हुई।
