इंजीनियरिंग के छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर किया आत्महत्या का प्रयास
रुड़की। शहर से सटे एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे सिविल अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पटना निवासी अभिषेक कुमार (22) पुत्र अंजनी सिंह शहर से सटे एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक फाइनल ईयर का छात्र है। वह आदर्श नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। सोमवार की सुबह अभिषेक ने किसी बात पर उपजे तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसने खुद ही मोबाइल फोन से अपने दोस्तों को व्हाट्सऐप मैसेज भेज कर जहर खा लेने की सूचना दी। इसके बाद कई दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसने जहर किस वजह से खाया, इस बारे में दोस्तों को कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित के परिजनों को दोस्तों ने सूचना दे दी है। सिविल अस्पताल के डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।
