खड़गे ने जारी किया ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो, राहुल गांधी बोले- न्याय का हक़ मिलने तक यात्रा जारी रहेगी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, जो 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होने वाली है, देश के बुनियादी सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित होगी। पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को ये बाते कही। खड़गे ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो और टैगलाइन “न्याय का हक मिलने तक” भी लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि हम 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी और मुंबई में खत्म होगी। यह यात्रा 110 जिलों, 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी।
खड़गे ने यह भी कहा कि मणिपुर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी लेकिन पीएम मोदी या तो समुद्र तट पर गए, फोटो सेशन में तैराकी की, चल रहे मंदिर निर्माण स्थल पर तस्वीरें खिंचवाईं या केरल और मुंबई चले गए। वह हर जगह जाते हैं, आप हर जगह उनकी तस्वीरें देख सकते हैं… बिल्कुल वैसे ही जैसे जागने के बाद सबसे पहले भगवान के ‘दर्शन’। लेकिन ये महापुरुष मणिपुर क्यों नहीं गये?
