मंत्री गणेश जोशी ने किया देहरादून से बहरीन के लिए आर्गेनिक फल-सब्जियों की सप्लाई का शुभारंभ

देहरादून(आरएनएस)।  उत्तराखंड में उत्पादित आर्गेनिक फल और सब्जियों को विदेश में भी बाजार मिलने लगा है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को देहरादून से बहरीन के लिए आर्गेनिक फल-सब्जियों की सप्लाई का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल कॉन्क्लेव कम बायर सेलर कार्यशाला में कहा कि हम आर्गेनिक स्टेट के रूप में आगे बढ़ रहे हैं और विदेश से यहां उत्पादित आर्गेनिक फल-सब्जियों की डिमांड भी मिलने लगी है। एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी (एपिडा) की ओर से मसूरी रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार को हुई कार्यशाला का कैबिनेट मंत्री जाशी ने शुभारंभ किया। उन्होंने देश-विदेश से आए मेहमानों का उत्तराखंडी टोपी पहनाकर स्वागत किया। जोशी ने कहा कि उत्तराखंड औद्यानिक फसलों के लिए अनुकूल है। प्रदेश में जहां 2017 से पहले कुल कृषि क्षेत्र के एक या दो फीसदी में जैविक खेती होती थी। यह पांच सालों में 38 फीसदी तक बढ़ गई है। सरकार ने 2025 तक इसे 50 फीसदी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 10 विकासखंड पूर्ण जैविक घोषित किए जा चुके है, अगले वर्ष तक यह संख्या 20 कर दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य 11 पर्वतीय राज्यों को पूर्ण जैविक घोषित करना है। उन्होंने कहा प्रदेश में जैविक उत्पाद परिषद कार्यरत है। देश-विदेश में उत्तराखंड के जैविक उत्पादों के विपणन के लिए मेले और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से प्रदेश के कृषकों के जैविक उत्पादों के खरीदने के लिए बड़ी संख्या में खरीददार उत्तराखंड में आएंगे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन भी किया। मौके पर कृषि सचिव कृषि विनोद कुमार सुमन, एपीडा के चेयरमैन अभिषेक देव, उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद के एमडी विनय कुमार, कृषि निदेशक केसी पाठक, उद्यान निदेशक दीप्ति सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *