दलित युवक से लव मैरिज करने पर पिता ने बेटी को दी खौफनाक सजा, कर दिया ये बड़ा कांड
चित्तूर
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम पिता अपनी एमबीए पास बेटी द्वारा दलित युवक से प्रेम विवाह करने से इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने कथित तौर पर बेटी का सिर काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता और भाई मौके से फरार हो गए हैं।
घटना चित्तूर के बालाजीनगर कॉलोनी की है। शौकत अली और मुमताज की बेटी यास्मीन भानु (एमबीए) को कॉलेज के दिनों में पुथलपट्टू मंडल के साईं तेजा (बी.टेक) से प्यार हो गया था। साईं तेजा अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। जब साईं तेजा के परिवार ने शादी का प्रस्ताव रखा, तो यास्मीन के माता-पिता ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया।
परिवार की नामंजूरी के बावजूद, यास्मीन और साईं तेजा ने 9 फरवरी 2025 को नेल्लोर में शादी कर ली। शादी के बाद खतरे को भांपते हुए नवविवाहित जोड़े ने 13 फरवरी को तिरुपति डीएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों परिवारों को बुलाकर काउंसलिंग की और चेतावनी दी कि चूंकि दोनों बालिग हैं, उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
अगले दो महीने तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यास्मीन के घरवाले उसे लगातार फोन करके घर आने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने बहाना बनाया कि पिता शौकत अली की तबीयत खराब है और वह घर आकर मिल जाए। परिवार के झांसे में आकर रविवार सुबह साईं तेजा ने खुद यास्मीन को चित्तूर के गांधी चौक पर उसके भाई की कार में बैठाकर मायके भेजा।
यास्मीन के जाने के बाद जब साईं तेजा ने उसे और उसके परिवार वालों को फोन किया तो किसी से संपर्क नहीं हो पाया। अनहोनी की आशंका से वह यास्मीन के घर पहुंचा। वहां पहले तो परिवार ने कहा कि यास्मीन घर पर नहीं है, फिर बताया कि उसने आत्महत्या कर ली है। लेकिन सच्चाई कुछ और ही थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यास्मीन का शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। पुलिस को शुरुआती जानकारी में बताया गया कि युवती ने आत्महत्या की है, लेकिन मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। चित्तूर के प्रभारी डीएसपी प्रभाकर के नेतृत्व में जांच जारी है। पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, मृतका का पिता शौकत अली और उसकी बड़ी बहन का बेटा लालू फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
