पेट्रोल गैस के दामों पर नियंत्रण करे सरकार: आरिफ खान
हरिद्वार
ग्रामीण कांग्रेस के युवा नेता आरिफ खान ने बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि लगातार पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं। सरकार बढ़े दामों को नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। महंगाई से पूरे राज्य व देश की जनता बेहाल हो चुकी है। रसोई गैस सिलेंडर लोगों को 1,000 से अधिक कीमत में मिल रहा है। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से यातायात वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी हो गयी है। इससे ग्रामीणों को आने जाने में अधिक भाड़ा चुकाना पड़ रहा है। सभी खाद्य पदार्थो के दाम आसमान छू रहे हैं। आरिफ खान ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता को चुनाव के बाद और महंगाई से गुजारना पड़ रहा है। जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कराई। लेकिन भाजपा ने आम जनता को इसके बदले महंगाई दी। आरिफ खान ने कहा कि भाजपा कभी भी गरीब जनता की हितैषी नहीं हो सकती है। आटा चावल दाल सब्जी से लेकर हर वस्तु के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसके बाद भी सरकार के मंत्री सांसद विधायक अपने स्वागत समारोह के आयोजन में मस्त हैं। इन्हें जनता व बेरोजगारों की कोई चिंता नहीं है। जितना पैसा स्वागत समारोह में खर्च किया जा रहा है। यदि गरीब जनता में बांट दिया जाता तो किसी का परिवार पल जाता उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण कर जनता को राहत दे।