रेल मंत्रालय ने भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित कर जनजातीय गौरव दिवस मनाया
नई दिल्ली,
रेल मंत्रालय ने आज नई दिल्ली स्थित रेल भवन में महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में जनजातीय गौरव दिवस मनाया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भगवान बिरसा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ उनके ऐतिहासिक प्रतिरोध और आदिवासी समुदायों के अधिकारों, सम्मान एवं कल्याण के लिए किए गए उनके संघर्ष को नमन किया।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आदिवासी समाज की अस्मिता, अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव अमर रहेगा।
जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत, सांस्कृतिक पहचान और गौरव के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, अदम्य साहस और अमर विरासत को सामूहिक नमन के साथ हुआ।
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के सदस्य (टीआरएस), सदस्य (वित्त), सदस्य (इन्फ्रा), महानिदेशक (डीजी), सचिव सहित रेल मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
