उप शिक्षाधिकारी ने ली संकुल समन्वयकों की बैठक 

विकासनगर

नए शिक्षा सत्र में सभी विद्यालयों में व्यवस्थाएं दुरस्त करने और विद्यालयों में दाखिला बढ़ाने के लिए उप शिक्षाधिकारी ने शुक्रवार को संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में कई विभागीय बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।  शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र में आयोजित बैठक में उप शिक्षाधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि भले ही गत बुधवार को प्रवेशोत्सव मनाया गया हो, लेकिन अभी भी विद्यालयों में दाखिला बढ़ाने के लिए जनसंपर्क अभियान जारी रखना होगा। कहा कि प्रवेशोत्सव के दौरान कुल 1929 नए बच्चों ने प्रवेश लिया है। 104 प्राथमिक और 34 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिहाज से यह संख्या काफी कम है। लिहाजा प्रत्येक विद्यालय में छात्र संख्या पचास तक पहुंचाने का लक्ष्य इस शिक्षा सत्र में रखा गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संकुल समन्वयकों और शिक्षकों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। बताया कि जिन विद्यालयों में निशुल्क पाठ्य पुस्तकें कम पहुंची थीं, ऐसे विद्यालयों के लिए संकुलों में पाठ्य पुस्तकें मुहैया करा दी गई हैं। सभी संकुल समन्वयक प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों में पाठय पुस्तकें पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही बैठक में आय विवरण, एमडीएम, जूता, बैग की सूचना निर्धारित प्रारूप पर उपलब्धता, कृमि मुक्ति नाशक दवाई की उपभोग रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रभु लाल केष्टवाल, बीआरसी सत्येंद्र रावत, राम नारायण रतूड़ी, सरदार हरजिंदर सिंह, दिग्विजय बेधड़क, संजय प्रजापति, मनोज राठौर, नरेश चौधरी, यशवीर आदि मौजूद रहे। प्रवेशोत्सव के दौरान सबसे अधिक प्रवेश वाले विद्यालयों को इस बार विभाग की ओर से दस हजार रुपये की नगद राशि बतौर पुरस्कार दी गई है। उप शिक्षाधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि विकासनगर ब्लॉक में प्रवेशोत्सव के दौरान जूनियर वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय सभावाला में सबसे अधिक 110 नए दाखिले हुए। जबकि प्राथमिक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय कुंजा में सबसे अधिक 38 नौनिहालों ने दाखिला लिया। दोनों ही विद्यालयों को दस-दस हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *