बैरागी कैंप में आग लगने से 37 झोंपड़ियां जली

श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने बस्ती वासियों को दी आर्थिक मदद

हरिद्वार

बैरागी कैंप स्थित झुग्गी बस्ती में आग लगने से बेघर हुए लोगों की मदद को आगे आए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने सभी पीड़ितों को खाद्य सामग्री, तिरपाल एवं दो-दो हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा बस्ती में रहने वाले एक परिवार की पुत्री की शादी के लिए भी 11 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध करायी। इस दौरान श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि बस्ती में आग लगने से गरीबों का बेघर होना बेहद दुखदायी है। ऐसे में सभी गरीब पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्ती में रहने वाले एक परिवार की पुत्री की शादी के लिए जुटाया गया सभी सामान भी आग में जल गया। लेकिन कन्या का विवाह समय पर ही कराया जाएगा। फिलहाल 11 हजार की आर्थिक मदद कन्या के परिवार को दी गयी है। शादी के समय पर भी कन्या के परिवार की मदद की जाएगी। सभी पीड़ित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गयी है। साथ ही जिला प्रशासन से भी पीड़ितों को मदद उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने दमकल विभाग की प्रशंसा करते हुए कहते हुए कहा कि दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को काबू किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम पूरण सिंह राणा ने पीड़ितों की त्वरित मदद करने पर श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज का आभार जताया और कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा कर्तव्य है। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर बैरागी कैंप स्थित झुग्गी बस्ती में आग लगने से 37 झोंपड़ियां जल गयी। झोंपड़ियों में रखा सभी सामान भी जल गया। आग लगने की सूचना पर मायापुर स्थित फायर स्टेशन से 6 दमकल गाड़ीयां मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग की चपेट में आयी झुग्गीयों में रखा सामान पूरी तरह जल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस दौरान मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *