पृथ्वी दिवस:   रैली निकाल दिया धरती पर जीवन बचाने का संदेश 

विकासनगर

पछुवादून, जौनसार बावर के शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को धरती को हरा भरा रखने को जागरूक किया गया। शिक्षण संस्थानों ने कहीं रैली निकाली तो कहीं भाषण प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से धरती पर जीवन को बचाए रखने का संदेश दिया गया। सैपियंस स्कूल हरबर्टपुर के छात्रों ने रैली निकालकर लोगों का प्लास्टिक मुक्त धरती बनाने को प्रेरित किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली देहरादून रोड, सहारनपुर रोड और पांवटा रोड से होकर गुजरी। बाजार में छात्रों ने व्यापारियों को प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने व्यापारियों को कागज के दो हजार लिफाफे बांटे। हरबर्टपुर चौक पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के तरीके बताए। रैली में प्रधानाचार्य रश्मि गोयल, रविकांत, रशिता सपरा, दिव्या नकोटी, अमर सिंह, मनु डंग, मानसी पंवार आदि शामिल रहे। इसके साथ ही राइंका हरबर्टपुर, राइंका बरोटीवाला, प्रावि विकासनगर, प्रावि डोभरी, प्रावि रुद्रपुर, जूनियर हाईस्कूल पष्टा के छात्र-छात्राओं ने गांवों में जाकर लोगों को खाली पड़ी जमीन पर पौधरोपण करने और अपने आसपास सफाई रखने को प्रेरित किया। ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुद्रपुर में पृथ्वी दिवस पर छात्र-छात्राओं को धरती बचाने की शपथ दिलाई गई। प्रधानाचार्य एसपी खंडूड़ी ने कहा कि धरती पर स्वस्थ और खुशहाल जीवन तभी संभव है जब पर्यावरण को संतुलित रखा जाएगा। कहा कि अप्रैल माह में जून जैसी तपिश का अहसास पर्यावरण में हो रहे असंतुलन का ही कारण है। नदियों का जल स्तर घटने और धरती का तापमान बढ़ने से जीवन पर संकट खड़ा हो जाएगा। शिक्षिका बलविंदर कौर ने धरती पर जीवन के अस्तित्व को बचाने के लिए इसे हरा भरा रखने, जंगलों से आग से बचाने और प्लास्टिक को समाप्त करने पर जोर दिया। इस दौरान जेपी मिश्रा, जीएल धोरियाल, राकेश कुमार, सुनील आदि मौजूद रहे। राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में पृथ्वी दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान सोनाक्षी नेगी प्रथम और प्रियांशु तोमर दूसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम संयोजक संजय कुमार मौर्य ने पृथ्वी को संरक्षित एवं सुरक्षित रखने की महत्ता को देखते हुए सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पारिवारिक समारोह पर पौधरोपण करने की सलाह दी। उन्होंने पाठ्य पुस्तकों एवं उत्तर पुस्तिकाओं से पृष्ठों को ना फाड़ने तथा घरों में पड़े हुए पुराने कनस्तर को कण्टर अभियान से जोड़ते हुए उनमें पौधारोपण करने को कहा। इस दौरान संजीव कुमार शर्मा, श्रीपाल सिंह, राजेंद्र चौधरी, रूपराम नेगी, अनिल पंवार, प्रमोद रावत, ओमप्रकाश लखेड़ा, प्रदीप कोठियाल, मृदुला पांडेय, मंजरी शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *