सरकार के दावों पर शिक्षकों ने उठाए सवाल
विकासनगर
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए पर्याप्त फर्नीचर नहीं होने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई है। शिक्षकों ने सभी विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुपात में फर्नीचर मुहैया कराने की मांग की है। इसके साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के जल्द निस्तारण की मांग भी विभागीय अधिकारियों से की गई है। शुक्रवार को प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक ब्लॉक संसाधन केंद्र में हुई। बैठक के दौरान सरकार के सभी विद्यालयों को गुणवत्तापरक संसाधन मुहैया कराए जाने के दावों पर शिक्षकों ने ही सवालिया निशान लगाया। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनंत सोलंकी ने कहा कि सरकार सभी सरकारी विद्यालयों को निजी शिक्षण संस्थानों की तर्ज पर सुविधाएं मुहैया कराने का दावा कर रही है। जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल जुदा है। आलम यह है कि विद्यालयों में छात्र संख्या के लिहाज पर्याप्त फर्नीचर ही उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी भी फर्नीचर की कमी को दूर करने के लिए कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। जिसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। बताया कि ब्लॉक के 50 से अधिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पर्याप्त फर्नीचर नहीं है। जूहा स्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री बीरबल कश्यप ने कहा कि अनुरोध और धारा-27 के तहत अपने चहेते शिक्षकों के तबादले किए जा रहे हैं, जबकि पात्र शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। चकराता ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संतराम जिनाटा ने कहा कि अंतरजनपदीय तबादलों के तहत आने वाले शिक्षकों को कालसी और चकराता ब्लॉक में तैनाती दी जानी चाहिए। लेकिन अधिकारी अपने चहतों को सुगम ब्लॉक में तैनाती दे रहे हैं। बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए तीस मई को सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रवीण वर्मा, योगेश गुप्ता, रणवीर तोमर, सुदेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
