रेलवे भर्ती घोटाले में लालू-राबड़ी, मीसा व हेमा समेत 16 लोगों से पूछताछ करेगी सीबीआई

पटना

संयुक्‍त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए-1) की सरकार के दौरान रेलवे में हुए भर्ती घोटाला के सिलसिले में सीबीआइ तत्‍कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्‍नी राबड़ी देवी तथा दो बेटियों राज्‍यसभा सदस्‍य मीसा भारती व हेमा यादव सहित कुल 16 लोगों से पूछताछ करेगी। इसके पहले सीबीआइ ने शुक्रवार को लालू प्रसाद यादव से जुड़े 16 ठिकानों पर छापेमारी की थी। बिहार में अपनी सरकार गिरने के बाद लालू प्रसाद यादव केंद्र के यूपीए-1 सरकार में रेलमंत्री बनाए गए थे। इस दौरान रेलवे में नौकरी के नाम पर बड़ा घोटाला हुआ था।
अभ्यर्थियों से जमीन लेकर रेलवे में नौकरी दी गई। आरोप है कि इसमें लालू यादव व उनके परिवार के कई लोगों की संलिप्‍तता रही थी। इस घोटाला के सिलसिले में सीबीआइ ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जद में रेलवे भर्ती बोर्ड की कई शाखाएं हैं। आरोप है कि लालू परिवार के कई सदस्यों ने सैकड़ों अभ्यर्थियों से जमीन लेकर अपने रसूख के बल पर रेलवे में नौकरी दिलाई।
आरोप है कि लालू परिवार ने बिहार में कई भूखंड लिए। लालू के बड़े राजनीतिक विरोधी व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से राज्यसभा सदस्‍य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लालू यादव ने श्तुम मुझे जमीन दो, मैं तुम्हें नौकरी दूंगाश् की तर्ज पर रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी देने में यह घोटाला किया था। पहले दूसरे के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा कुछ सालों बाद उसे लालू परिवार के किसी सदस्‍य के नाम पर गिफ्ट करवाया जाता था।
इसके पहले तत्‍कालीन रेल मंत्री व बंगाल की वर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी 2009 में मामले की सीबीआइ जांच कराने की बात कही थी, लेकिन तब लालू ने आरोपों को बेबुनियाद करार दिया था।
अब सीबीआइ ने लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्‍नी राबड़ी देवी तथा बेटी मीसा भारती व हेमा यादव सहित कुल 16 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीते शुक्रवार को सीबीआइ ने राबड़ी देवी के पटना आवास, गोपालगंज में लालू के रिश्‍तेदारों के घर तथा दिल्‍ली में मीसा भारती के आवास पर छोपमारी की थी। देश में लालू के कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई। अब सीबीआइ मामले के 16 आरोपियों से पूछताछ करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *