विधायक ने पांच साल तक बिन्हार क्षेत्र की उपेक्षा की: नवप्रभात

विकासनगर।

कांग्रेस के जनसंवाद अभियान के तहत कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री नवप्रभात ने बिन्हार क्षेत्र के गांवों ग्रामीणों से संवाद किया। गांवों में नुक्कड़ सभाओं के दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक पर बिन्हार क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विधायक ने पांच साल के कार्यकाल में बिन्हार क्षेत्र के किसी भी गांव में कोई भी विकास कार्य नहीं किया। पांच साल में बिन्हार के गांवों में झूलती बिजली तारें तक ठीक नहीं कराई गई हैं। बिन्हार क्षेत्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कहा कि छह से अधिक गांव आज भी यातायात की सुविधा से वंचित हैं। इन गांवों के ग्रामीणों को सड़क मार्ग तक पहुंचने के लिए दो से तीन किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। छात्रों को इंटर की शिक्षा के लिए आठ से दस किमी की दूरी नापकर कटापत्थर और लांघा जाना पड़ता है। बिन्हार क्षेत्र के गांवों में कहीं भी स्वास्थ्य सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच साल में विधायक ने पांच बार भी बिन्हार के गांवों का रुख नहीं किया है। इससे जाहिर होता है कि विधायक के पास गांवों के विकास के लिए कोई योजना ही नहीं थी। अब चुनाव के दौरान गांवों में आकर ग्रामीणों का हमदर्द बनने की कोशिश की जा रही है। लेकिन ग्रामीण जनता अब असलियत समझ चुकी है। उन्होंने भलेर, बावनधार, पष्टा, मदर्सू, जाखन, समेत, स्वाण, पीपलसार, कांडोई आदि गांवों में ग्रामीणों से संपर्क किया। नुक्कड़ सभाओं के साथ ही पूर्व मंत्री घर-घर जाकर महिलाओं और बुजुर्गों से संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *