ट्रैवल व्यवसायियों ने की चारधाम यात्रा के लिए बसें उपलब्ध कराने की मांग 

हरिद्वार

ट्रैवल व्यवसायियों ने बसें नहीं मिलने से चारधाम यात्रीयों को हो रही परेशानी दूर करने की मांग की है। प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान ट्रैवल व्यवसायी गोपाल प्रधान व धर्मेन्द्र कौशिक ने बताया कि ऋषिकेश स्थित संयुक्त रोटेशन यातायात व्यवस्था समिति से बसें नहीं मिल पाने के कारण चारधाम यात्रा पर जाने वाले हजारों यात्री हरिद्वार में फंसे हुए हैं। रोड़ी बेलवाला, पंतदीप, गढ्ढा पार्किंग में हजारों यात्री खुले में बसों का इंतजार कर रहे हैं। बसें मिलने की इंतजार में पैसा खत्म हो जाने पर बड़ी संख्या में यात्री वापस लौट रहे हैं। गोपाल प्रधान ने कहा कि इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट व एआरटीओ अवगत कराने पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन दो दिन बीतने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। मुख्यमंत्री से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग करते हुए धर्मेन्द्र कौशिक ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण भी बंद कर दिया गया है। जिससे यात्रीयों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजीकरण नहीं होने और बस नहीं मिलने से यात्री शोषण का शिकार रहे हैं। जिससे हरिद्वार व स्थानीय ट्रैवल कारोबारियों की छवि खराब हो रही है। प्रैसवार्ता के दौरान मौजूद सौ यात्रीयों के जत्थे के साथ चारधाम यात्रा पर जाने के लिए राजस्थान से आए शिवराज गुर्जर ने बताया कि बस नहीं मिलने की वजह से सभी आठ दिन से हरिद्वार में ही रूके हुए हैं। खाने व ठहरने पर भारी खर्च करना पड़ रहा है। जिससे उनका पूरा बजट बिगड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *